


रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जारी गतिरोध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया है कि वह यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलने को तैयार हैं। पुतिन ने कहा कि यदि बैठक अच्छी तरह तैयार की जाए और उससे सकारात्मक परिणाम निकलें, तो जेलेंस्की मॉस्को आ सकते हैं। इस बयान ने युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की संभावनाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
चीन दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पुतिन ने कहा कि उन्होंने कभी भी जेलेंस्की से मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बैठक तभी होनी चाहिए जब यह यूक्रेन के संविधान के दायरे में और सकारात्मक परिणाम देने वाली हो। पुतिन ने यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनसे इस बारे में सवाल किया था और उन्होंने इसे संभव बताया।
रूस की सुरक्षा चिंताएं और नाटो पर आपत्ति
पुतिन ने दोहराया कि हर देश को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी देश की सुरक्षा दूसरे देश की कीमत पर नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की नाटो सदस्यता रूस के लिए सीधी सुरक्षा चुनौती है। हालांकि, पुतिन ने यह स्पष्ट किया कि यूक्रेन को यूरोपीय संघ में शामिल होने पर रूस की उतनी कड़ी आपत्ति नहीं है, क्योंकि यह उसकी आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा है।