CAPFs में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार तेजी से काम कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यसभा में ये जानकारी दी है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में 3239 महिलाओं की भर्ती हुई है। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 5,171 महिलाओं की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है, जो कि पहले से काफी ज्यादा है।
आर्म्ड फोर्सेज में महिलाओं की भर्ती पर फोकस
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार ने 2016 में ही आरक्षण के नियम बना दिए थे। इसके तहत CRPF में कांस्टेबल स्तर के 33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। इसी तरह से बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी में 14-15 फीसदी पद भी महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन्हीं नियमों के आधार पर अब अर्धसैनिक बलों में महिलाओं की भूमिका का विस्तार किया जा रहा है।
ITBP-BSF में बढ़ाई जाएगी महिलाओं की भर्ती
सरकार आईटीबीपी में 1375 और एसएसबी में 91 महिलाओं की भर्ती का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह पिछले साल हुई भर्तियों की तुलना में लगभग 60 फीसदी की बढ़ोतरी दिखाता है। वहीं आर्म्ड फोर्सेज में महिलाओं की संख्या बढ़ाना, मजबूत नीति का संकेत है।
सैन्य फोर्स में महिलाओं के लिए उठाए गए कई बड़े कदम
गृह मंत्रालय ने यह भी बताया कि महिला जवानों के लिए सुरक्षित और संवेदनशील माहौल बनाने के लिए कई तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसमें अलग रहने की जगहें, आराम करने और कपड़े बदलने के कमरे, खास शौचालय, बच्चों के लिए क्रेच और डे-केयर सेंटर शामिल हैं। साथ ही, महिलाओं के लिए खास मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।