बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाले ओरछा में तीन दिवसीय श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। रविवार शाम यहां भगवान के विवाह महोत्सव की खुशी में प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों एवं नगर के लोगों के साथ कंचना घाट पहुंच कर सबसे पहले मां बेतवा की आरती की। इसके बाद यहां पर सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए। कंचना घाट पर प्रज्ज्वलित हुए इन दीपों से यह घाट कंचन की तरह दमकता दिखाई दिया।
वहीं आज श्रीराम राजा मंदिर के साथ ही जानकी मंदिर में भगवान के विवाह का मंडप सजाया जाएगा। यहां पर परंपरागत तरीके से बांस, आम, जामुन के पत्तों से भगवान के विवाह का मंडप सजेगा।
कलेक्टर करेंगी मंडप का पूजन
कलेक्टर जमुना भिडे परंपरा के अनुसार मंडप का पूजन करेंगी और इसके बाद भगवान के कुल देवता का पूजन होगा। वहीं, दोपहर बाद यहां पर मंडप की पंगत शुरू होगी। भगवान के मंडप के समय यहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे और भगवान को लगने वाली हल्दी खेलने के लिए लालायित होते दिखाई देंगे। प्रशासन ने मंडप की पंगत में 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की है।
सवा लाख दियों से दमक उठा था कंचना घाट
इससे पहले बीती शाम 6 बजे बेतवा नदी के कंचना घाट पर पहुंचे विधायक अनिल जैन, कलेक्टर जमुना भिडे, एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना समेत अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ आमजनों ने मां बेतवा की आरती की। विधि-विधान से मां बेतवा की आरती के बाद यहां पर सभी ने मिलकर भगवान के विवाह महोत्सव की खुशी में दीप प्रज्ज्वलित किए।