


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी किया। संघ की स्थापना विजयादशमी के दिन हुई। पीएम मोदी ने कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य की जीत, अंधकार पर प्रकाश की जीत, अन्याय पर न्याय का जीत का दिन है। पीएम ने कहा कि विजयादशमी पर संघ की स्थापना कोई संयोग नहीं था ये हजारों सालों से चली आ रही परंपरा का पुर्नउत्थान था जिसमें राष्ट्र चेतना समय समय पर उस युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए नए अवतारों में प्रकट होती है। इस युग मेंसंघ उसी अनादि राष्ट्र चेतना का पुण्य अवतार है।
भारतीय मुद्रा में भारत माता
पीएम ने कहा कि जो जारी किए गए 100 रुपये के सिक्के पर एक तरफ राष्ट्रीय चिन्ह है दूसरी तरफ भारत माता की भव्य छवि और समर्पण भाव से उसे नमन करते स्वयंसेवक दिखाई देते हैं। भारतीय मुद्रा पर भारत माता की तस्वीर, शायद आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा कि जारी किए गए डाकटिकट में 26 जनवरी 1963 के गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुए स्वयंसेवक दिखाई दे रहे हैं। साथ ही संघ के स्वयंसेवक समाज को सशक्त कर रहे हैं, इसकी भी झलक इस स्मारक डाक टिकट पर है। पीएम ने कहा कि संघ के अलग अलग संगठन अलग अलग क्षेत्र से जुड़कर राष्ट्र की सेवा करते हैं। सबका एक ही भाव है राष्ट्र प्रथम।