


छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 से 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। जानकारी के मुताबिक मौजूदा विधानसभा भवन में यह आखिरी सत्र होगा। उम्मीद है कि एक नवंबर 2025 को राज्योत्सव में पीएम मोदी के हाथों नवा रायपुर की अल्ट्रा आधुनिक विधानसभा का उद्घाटन होगा, जिसके बाद दिसंबर का शीतकालीन सत्र वहीं से संचालित होगा।नई इमारत में डिजिटल के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। विधानसभा सत्र के पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो सकता है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र से पहले हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार
इसके लिए कवायद चल रही है। प्रदेश की 90 सीटों वाली विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री बनाने का प्रावधान है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के रायपुर सांसद बनने के बाद से प्रदेश में फिलहाल 11 मंत्री ही कार्यरत हैं। दो रिक्त पदों पर नए विधायकों को जगह मिलेगी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को प्रदेश के सभी मंत्रियों, विधायकों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश चर्चा करेंगे। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में संगठन स्तर पर मंत्रियों और विधायकों के कामों की समीक्षा होगी। साथ ही नए मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर भी सहमति बन सकती है।