


छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में अहम और ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक धान खरीदी की घोषणा की है। इस बार प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जाएगी।
सरकार ने किसानों को यह भरोसा दिलाया है कि धान बेचने के 6 से 7 दिन के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
साय सरकार ने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘तुंहर हाथ’ मोबाइल एप लॉन्च करने की घोषणा की है। इस एप के माध्यम से किसान अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन टोकन बुक कर सकेंगे और तय दिन पर धान बेचने के लिए समिति पहुंच सकेंगे। इससे समितियों में लगने वाली लंबी कतारों और अव्यवस्था से राहत मिलेगी।
कलेक्टर होंगे खरीदी केंद्र प्रभारी
धान खरीदी की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि कलेक्टर स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का प्रभारी बनाया जाएगा। इससे खरीदी प्रक्रिया की निगरानी स्थानीय स्तर पर बेहतर ढंग से की जा सकेगी और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।