


छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मानसून सक्रिय, बारिश का दौर जारी
पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। इस दौरान बलरामपुर और बीजापुर जिलों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसमी सिस्टम की स्थिति
उत्तर प्रदेश के दक्षिणी मध्य भाग से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तर ओडिशा से होते हुए लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। इसके अलावा, पंजाब से उत्तर बांग्लादेश तक दक्षिणी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
दक्षिण झारखंड और आस-पास के क्षेत्रों में 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात मौजूद है, जो दक्षिण की ओर झुका हुआ है। वहीं, उत्तर-पूर्वी अरब सागर से लेकर दक्षिण झारखंड तक 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा, केंद्रीय असम एवं आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात सक्रिय है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज मौसम सामान्यतः बादल छाए रहने का रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन की संभावना है। तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।