


बलरामपुर जिले के ककनेसा गांव में शुक्रवार सुबह छुई मिट्टी खदान धंसने से बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी निकालने के दौरान खदान का ऊपरी हिस्सा धंस गया, जिससे दो महिलाएं दब गईं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाएं सुरक्षित बच गईं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरमुटी निवासी सविता बाई पति विजय कुमार शुक्रवार सुबह गांव की अन्य तीन महिलाओं के साथ छुई मिट्टी निकालने ग्राम ककनेसा पहुंची थी। यहां की खदान से आसपास के गांवों के लोग छुई मिट्टी निकालते हैं, जिसका उपयोग घरों की लिपाई-पोताई में किया जाता है।
छुई मिट्टी निकालने के लिए बनाई गई सुरंग में सविता बाई और एक अन्य महिला घुसी हुई थीं। इसी दौरान सुरंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे दोनों महिलाएं अंदर दब गईं।
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। इनमें से एक महिला का शरीर का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर था, जिसे तुरंत बाहर निकाल लिया गया। वहीं, अंदर पूरी तरह दबी सविता बाई को निकालने के लिए ग्रामीणों ने फावड़े से खुदाई शुरू की। लगभग आधे घंटे की मेहनत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घायल महिला को तत्काल वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।