


दक्षिण-पश्चिम मानसून के विदा होने के बाद अब उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से घटकर लगभग 15 डिग्री तक आ गया है, जिससे ठंडी हवा से सिहरन महसूस हो रही है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रात के तापमान में गिरावट जारी है। देशभर में सर्दी की शुरुआत समय से पहले हो रही है, जिसका असर छत्तीसगढ़ पर भी दिख रहा है। प्रदेश में हल्की सर्दियों का दौर शुरू हो चुका है और दिवाली से पहले लोग अपने गर्म कपड़े निकालने लगे हैं।
ठंडी हवा के कारण तापमान में गिरावट जारी
उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते सरगुजा, बलरामपुर, कोरिया, और जशपुर जिलों में तापमान गिरने का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज
सरगुजा संभाग में रातें अब ठंडी होने लगी हैं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पहाड़ी क्षेत्र पेंड्रारोड में तापमान 18 डिग्री तक पहुंच चुका है, जिससे ठंड का असर और भी बढ़ गया है। इसी वजह से गुरुवार की रात बिलासपुर में भी ठंडी हवाएं चलीं।
रायपुर में मौसम रहेगा सामान्य
राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप से हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी।
बिलासपुर में दिवाली के बाद मौसम में बदलाव की संभावना
बिलासपुर में दिवाली के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 21 से 24 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल नजर आएंगे। फिलहाल रात में ठंडी हवा चल रही है और दिन-रात का तापमान सामान्य से कम है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर झारखंड और आसपास ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवात सक्रिय है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्र पेंड्रारोड में सर्दी महसूस हो रही है। शुक्रवार को दिन-रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।