


दिल्ली में शनिवार को हुए एक अहम प्रशासनिक बदलाव के तहत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दो वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये जिम्मेदारियां अरविंदर सिंह लवली और राज कुमार चौहान को दी गई हैं, जो लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे।
गांधी नगर से बीजेपी विधायक अरविंदर सिंह लवली को ट्रांस यमुना विकास बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि मंगोलपुरी से विधायक राज कुमार चौहान को दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड का प्रमुख बनाया गया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी विधायकों की बैठक के बाद लिया गया, जिसकी पुष्टि आधिकारिक सूत्रों द्वारा की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली कैबिनेट की बैठक में इन दोनों नियुक्तियों पर सहमति बनी, और इससे संबंधित अधिसूचनाएं जल्द जारी की जाएंगी। राज कुमार चौहान ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मुख्यमंत्री ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।" गौरतलब है कि चौहान पहले शीला दीक्षित सरकार में एक दशक तक मंत्री पद संभाल चुके हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी का दामन थामा था।
वहीं, अरविंदर सिंह लवली की नियुक्ति पर उनकी ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लवली भी शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रह चुके हैं और दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं। 2024 के आम चुनाव से पूर्व उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी जॉइन की थी। इस साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी ने गांधी नगर सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां से उन्होंने जीत दर्ज की।