नवंबर की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में ठंड का एहसास बढ़ने लगता है और इसी समय राजधानी की हवा भी जहरीली होने लगती है। दिसंबर आते-आते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। फिलहाल दिल्ली को ढक रही जहरीली धुंध जल्द ही कोहरे में बदलने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR में कड़ाके की सर्दी पड़ने वाली है। आइए जानते हैं कि मौसम में बदलाव कब से दिखने लग सकता है।
दिल्ली का आज का AQI
दिल्ली में साफ हवा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। आज भी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आनंद विहार क्षेत्र में सुबह भारी धुंध छाई रही और यहां AQI 383 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास भी घनी धुंध देखी गई, जहां AQI 341 रहा। इसके अलावा अलीपुर में 386, अशोक विहार में 392, ITO में 394, लोधी रोड 337, चांदनी चौक 383, सिरीफोर्ट 368, मुंडका 396 और नेहरू नगर में AQI 389 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली-NCR का मौसम लेगा करवट
दिल्ली-NCR में सर्द हवाएं जारी हैं और आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 23–24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 22 से 23 नवंबर के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। साथ ही मध्यम कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है।