बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन हो गया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली है। धर्मेंद्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसके बाद उन्हें घर पर डिस्चार्ज कराकर ले आए थे. धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर हुआ है। धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हे मुखाग्नि दी है।
करण जौहर ने दी श्रद्धांजलि
करण जौहर ने धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि करते हुए आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से उन्हें श्रद्धांजलि दी है। करण जौहर ने अपनी पोस्ट में कहा- यह एक युग का अंत है, एक विशाल मेगास्टार, मुख्यधारा के सिनेमा में एक सच्चे हीरो की पहचान, अविश्वसनीय रूप से हैंडसम और रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस वाले। वह हैं और हमेशा रहेंगे भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज। सिनेमा के इतिहास के पन्नों में उनका नाम सदैव चमकता रहेगा। पर सबसे बढ़कर, वह एक बेहतरीन इंसान थे। हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उनसे बेहिसाब प्यार करता था। उनके दिल में हर किसी के लिए सिर्फ प्यार और सकारात्मकता थी। उनका आशीर्वाद, अद्भुत स्नेह, इन सबकी कमी को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आज हमारी इंडस्ट्री में एक ऐसा खालीपन है। जिसे कोई भी कभी भर नहीं सकेगा। वह हमेशा के लिए एक और एकमात्र धरमजी रहेंगे।