


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके सुख, समृद्धि व स्वास्थ्य की कामना की। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों को गुड़ और चारा खिलाकर ‘गोवर्धन पूजा’ का अनुष्ठान पूरा किया।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (X) पोस्ट में लिखा, “गोवंश संवर्धन और प्रकृति संरक्षण के लोककल्याणकारी संकल्प की पवित्र अभिव्यक्ति ‘गोवर्धन पूजा’ के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।”
उन्होंने आगे कहा, “भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य का प्रकाश फैले।”
योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “गोमाता हमारी आस्था और संस्कृति की आधारशिला हैं, जो प्रकृति, पर्यावरण और परंपराओं की पोषक शक्ति हैं। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला में गोमाता की विधि-विधान से पूजा कर, उन्हें गुड़ खिलाकर और सेवा कर आज इस भावना का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया।” गोवर्धन पूजा कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के दिन मनाई जाती है, जो दीपावली के चौथे दिन आती है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ गोवर्धन पर्वत और गौमाता की पूजा की जाती है। यह पर्व भक्तों के लिए आस्था, कृतज्ञता और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है।