


मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए एक और बड़ी सौगात। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब 23 अक्टूबर को महिलाओं के खातों में 250 रुपए शगुन राशि ट्रांसफर करने जा रहे हैं। यह राशि भाईदूज के खास मौके पर दी जाएगी। इस शगुन के साथ अब प्रदेश की महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर महीने 1500 रुपए मिलना शुरू हो जाएगा। अक्टूबर की 1250 रुपए की किस्त पहले ही ट्रांसफर की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने पहले ही भेजी 1250 रुपए की किस्त
सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा अक्टूबर माह की नियमित 1250 रुपए की किस्त पहले ही महिलाओं के खातों में भेज दी गई थी। अब भाईदूज के अवसर पर 23 अक्टूबर को अतिरिक्त 250 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। इस तरह अक्टूबर माह में कुल 1500 रुपए की राशि लाड़ली बहनों को प्राप्त होगी।
नवंबर से हर महीने मिलेंगे पूरे 1500 रुपए
मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले घोषणा की थी कि अक्टूबर से लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह कर दी जाएगी। अक्टूबर में यह राशि दो चरणों में दी जा रही है, जबकि नवंबर से सीधे एक साथ 1500 रुपए की राशि खातों में भेजी जाएगी।
1.26 करोड़ से अधिक महिलाएं होंगी लाभान्वित
फिलहाल लाड़ली बहना योजना का लाभ 1.26 करोड़ से अधिक महिलाओं को मिल रहा है। जब यह योजना वर्ष 2022 में शुरू हुई थी, तब महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह दिए जाते थे। फिर यह राशि बढ़ाकर 1250 रुपए की गई और अब इसे 1500 रुपए कर दिया गया है।