


बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाले ओरछा में दीपोत्सव का पर्व इस बार पूरी आस्था और भव्यता के साथ मनाया गया। रामराजा सरकार मंदिर परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। चारों ओर “जय श्री राम” की गूंज थी और श्रद्धालुओं की भीड़ ने मंदिर प्रांगण को एक आध्यात्मिक मेले का रूप दे दिया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
निवाड़ी जिले की ऐतिहासिक नगरी ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर में इस बार दीपोत्सव का पर्व अत्यंत भव्य रूप में मनाया गया। मंदिर परिसर को 2100 दीपों से सजाया गया, जिनसे “रामराजा सरकार की जय” की आकृति बनाई गई थी। सुनहरी रोशनी में नहाया मंदिर अत्यंत मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
कलेक्टर जमुना भिड़े ने दीपोत्सव पर निवाड़ी जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “रामराजा सरकार की कृपा निवाड़ी जिले के हर घर पर बनी रहे। दीपोत्सव केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देने का अवसर है।” उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन उन्होंने वृद्धजनों और निर्धन बच्चों के बीच जाकर त्योहार मनाया।