राजस्थान से लगातार आ रहीं सर्द और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश के मध्य इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार को उमरिया में प्रदेश का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, शाजापुर और शहडोल जिलों में शीतलहर, जबकि इंदौर में तीव्र शीतलहर का असर देखने को मिला।
प्रदेश के 24 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं दिन का सबसे अधिक तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, इंदौर और शाजापुर जिलों में शीतलहर का असर बना रह सकता है।
फिलहाल पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 222 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं सक्रिय हैं। 13 दिसंबर को हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। राजस्थान से आ रही तेज़ ठंडी हवाएं प्रदेश के मध्य भाग में ठिठुरन बढ़ा रही हैं।
शीतलहर तीन दिन रहेगी सक्रिय
अगले तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान भोपाल, इंदौर, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर जारी रहेगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। 13 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद हवाओं का रुख पूर्वी हो सकता है, जिससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है।