मध्यप्रदेश में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और कई शहर घने कोहरे की चपेट में हैं। इंदौर और उज्जैन संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है, जबकि ग्वालियर-चंबल, रीवा और सागर संभाग में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इंदौर में पारा गिरकर 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बड़े शहरों में सबसे कम रहा।
ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री, उज्जैन में 7.3 डिग्री और जबलपुर में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा, जहां तापमान महज 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
घने कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली से इंदौर और भोपाल आने वाली कई ट्रेनें 30 मिनट से लेकर 5 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। गुरुवार को पंजाब मेल, शताब्दी एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, और मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रहीं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से रेलवे को ट्रेनों की गति कम करनी पड़ रही है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ सकता है।