


बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार लगातार जनता को राहत और सौगातें दे रही है। अब सरकार ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह फैसला खास तौर पर महिलाओं से जुड़े वर्ग के लिए राहत भरा माना जा रहा है।
आंगनबाड़ी सेविकाओं को अब 9000 रुपए, सहायिकाओं को 4500 रुपए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी सेविका को पहले हर महीने ₹7000 मानदेय मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर ₹9000 किया गया है।वहीं आंगनबाड़ी सहायिका का मानदेय ₹4000 से बढ़ाकर ₹4500 किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की भूमिका गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण और देखभाल में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि बढ़ा हुआ मानदेय जल्द लागू किया जा सके।
सीएम ने यह भी कहा कि जब से उनकी सरकार 2005 में सत्ता में आई, तब से समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) के तहत छह प्रकार की सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेविकाएं और सहायिकाएं लोगों तक पहुंचाती हैं।
उन्होंने कहा कि हम उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान करते हैं। मानदेय में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक प्रभावी ढंग से सेवाएं दे सकेंगी।”