


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 17 अगस्त 2025 को दिल्लीवासियों को 11 हजार करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी। उन्होंने यूईआर-2 (Urban Extension Road-2) का उद्घाटन किया, जिससे सिंघु बॉर्डर से IGI एयरपोर्ट तक की यात्रा का समय अब महज 40 मिनट में तय हो सकेगा। पहले इस दूरी को तय करने में करीब दो घंटे लगते थे।
दिल्ली को बनाना है विकसित भारत की राजधानी
पीएम मोदी ने कहा, "जब दुनिया भारत की तरक्की को देखती है, तो उसकी पहली नजर दिल्ली पर पड़ती है। हमें दिल्ली को ऐसा विकास मॉडल बनाना है, जो पूरी दुनिया को दिखाए कि यह है विकसित होते भारत की राजधानी।
अर्बन एक्सटेंशन रोड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके निर्माण में लाखों टन कचरे का इस्तेमाल किया गया है। यह परियोजना दिल्ली को 'कूड़े के पहाड़ों' से मुक्त करने में मदद कर रही है। भलस्वा लैंडफिल साइट के पास स्थित इस सड़क से आसपास के रहवासियों को राहत मिलेगी। पीएम ने कहा, "हमारी सरकार दिल्ली के लोगों को हर समस्या से मुक्त करने में जुटी है।"
यमुना सफाई और इलेक्ट्रिक बसों पर फोकस
पीएम मोदी ने बताया कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार यमुना नदी की सफाई में जुटी है। अब तक 16 लाख मीट्रिक टन शिल्ट यमुना से हटाई जा चुकी है। इसके अलावा राजधानी में 650 DEVI इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतर चुकी हैं और भविष्य में इनकी संख्या 2 हजार तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा, "यह 'Green Delhi - Clean Delhi' के मंत्र को और मजबूत करता है।"