


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर घाना पहुंचे। यह उनकी पश्चिम अफ्रीकी देश घाना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। अकरा के कोटोका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। इस अवसर पर उन्हें घाना के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया।
घाना के राष्ट्रीय सम्मान से हुए सम्मानित
घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया। यह घाना का दूसरा सर्वोच्च राष्ट्रीय नागरिक सम्मान है। सम्मान प्राप्त करने पर पीएम मोदी ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। मैं इस सम्मान को 1.4 अरब भारतीयों की ओर से विनम्रता से स्वीकार करता हूं और इसे हमारे युवाओं की आकांक्षाओं, हमारी सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और भारत-घाना के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित करता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने घाना में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए राष्ट्रपति महामा और घाना की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का स्वयं एयरपोर्ट पर आकर स्वागत करना एक बड़ा सम्मान है। संयुक्त वक्तव्य में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और घाना के बीच मित्रता साझा मूल्यों, संघर्ष और समावेशी भविष्य की साझा सोच पर आधारित है।प्रधानमंत्री मोदी ने घाना को पश्चिम अफ्रीका में एक सशक्त लोकतंत्र और "आशा की किरण" बताया। इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। उन्होंने कहा कि:
ITEC और ICCR स्कॉलरशिप की संख्या दोगुनी की जाएगी।
युवाओं के लिए व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु Skill Development Center की स्थापना की जाएगी।
घाना के “Feed Ghana” कार्यक्रम में भारत का सहयोग रहेगा।
जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रस्ताव रखा गया।
वैक्सीन निर्माण में सहयोग और काउंटर टेररिज्म में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
भारत और घाना ने संयुक्त राष्ट्र सुधारों पर समान दृष्टिकोण व्यक्त किया। दोनों देशों ने वैश्विक स्तर पर समावेशी और प्रभावी निर्णय प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया।
घाना के राष्ट्रपति को भारत आने का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने घाना के राष्ट्रपति महामा को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण दिया और कहा, “आप भारत के सच्चे मित्र हैं। मुझे विश्वास है कि आप हमारे आमंत्रण को स्वीकार करेंगे।”
4 अहम समझौते हुए हस्ताक्षरित:
संस्कृति के आदान-प्रदान पर MoU:
कला, संगीत, नृत्य, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए।
BIS (भारत) और GSA (घाना) के बीच MoU:
मानकीकरण और प्रमाणन में तकनीकी सहयोग के लिए
ITRA (भारत) और ITAM (घाना) के बीच MoU:
पारंपरिक चिकित्सा, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान में सहयोग हेतु
संयुक्त आयोग बैठक पर MoU:
उच्च स्तरीय संवाद को संस्थागत स्वरूप देने और द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा के लिए