बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का मुंबई में गुरुवार रात 8 बजे निधन हो गया। वे 71 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि वे काफी समय से बीमार थीं। सुलक्षणा पंडित ने मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को हुआ था। वे एक संगीतमय परिवार से थीं। उनके चाचा पंडित जसराज प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक थे। उनके तीन भाई और तीन बहनें थीं। भाइयों में जतिन और ललित मशहूर संगीतकार हैं, जबकि उनकी बहन विजयता पंडित भी अभिनेत्री और गायिका हैं।
सुलक्षणा ने सिर्फ 9 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। 1967 की फिल्म ‘तकदीर’ में उन्होंने लता मंगेशकर के साथ मशहूर गीत ‘सात समुंदर पार से’ गाया था। वर्ष 1975 में फिल्म ‘संकल्प’ के गीत ‘तू ही सागर है तू ही किनारा’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
उन्होंने किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, येशुदास और उदित नारायण जैसे महान गायकों के साथ कई डुएट गाए। 1980 में उनका एल्बम ‘जज्बात’ (HMV) रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने गजलें गाईं। 1986 में उन्होंने लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित फेस्टिवल ऑफ इंडियन म्यूजिक में भी प्रस्तुति दी। उनकी आवाज़ आखिरी बार 1996 की फिल्म ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ के गीत ‘सागर किनारे भी दो दिल’ में सुनाई दी, जिसे उनके भाइयों जतिन-ललित ने संगीतबद्ध किया था।
वहीं, सुलक्षणा पंडित का एक्टिंग करियर 1970 और शुरुआती 80 के दशक में अपने शिखर पर था। उस दौर में वह बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक थीं। उन्होंने उस समय के लगभग सभी टॉप एक्टर्स के साथ काम किया।