


मानसून के लौटने के साथ ही उत्तर भारत में ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। भारी बारिश का दौर थमने के बाद अब उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। वहीं, दक्षिण और उत्तर-पूर्वी राज्यों में अब भी बारिश का सिलसिला जारी है, लेकिन जल्द ही पूरे देश से मानसून की विदाई की संभावना जताई जा रही है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंडक
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को भी तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट शुरू
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) के नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत अन्य शहरों में रात का तापमान घटकर 18–19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर में ही इन क्षेत्रों का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो सामान्य से काफी कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 17 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। लेकिन उत्तरी हवाओं के चलते ठंड लगातार बढ़ेगी। इस साल अक्टूबर में ही ठंडक का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, और पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक सर्दी पड़ने के आसार हैं।
बिहार में हल्की ठंड की शुरुआत
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, बिहार के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन महसूस की जा सकती है। रविवार को पटना और आसपास के इलाकों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ उत्तरी क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
देश के अन्य राज्यों में भी महसूस होने लगी ठंडक
उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी और धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ेगा। उत्तरी हवाओं के चलते मौसम में बदलाव तेजी से होगा और नवंबर से तेज़ सर्दी पड़ने की संभावना है।