सोने की कीमत में इस साल काफी तेजी आई है। सोना लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की ओर बढ़ रहा है। इस साल करीब हर महीने सोने की कीमत में बढ़ोतरी हुई है और यह 1979 के बाद अपने सबसे बेहतर सालाना प्रदर्शन की तरफ बढ़ रहा है। एमसीएक्स पर 5 फरवरी की डिलीवरी वाले सोने की कीमत में 700 रुपये से अधिक तेजी आई है। पिछले सत्र में यह 1,27,667 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और आज 1,28,352 रुपये पर खुला। सुबह 11.42 बजे यह 713 रुपये की तेजी के साथ 1,28,380 पर ट्रेड कर रहा था।
अमेरिका में फेड रिज़र्व के दिसंबर में ब्याज दरें घटाए जाने की उम्मीद में सोने की कीमत बढ़ रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में शटडाउन की वजह से आर्थिक आंकड़े आने में दिक्कत हो रही है। इसके बावजूद सोना 1979 के बाद से अपना सबसे अच्छा सालाना प्रदर्शन करने की तरफ बढ़ रहा है। शुक्रवार को सोना लगभग $4,170 प्रति औंस पर था। एक हफ्ते में इसमें 2% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। ब्याज दरें कम होती हैं तो सोने जैसी चीजो को फायदा होता है क्योंकि इनसे कोई ब्याज नहीं मिलता।