


देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भी तेज़ बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनियां दी गई हैं। IMD ने लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली में रेड अलर्ट: अगले 24 घंटे अहम
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बीते रविवार की शाम को झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 38.4°C और न्यूनतम तापमान 25.1°C रहा, जो सामान्य से 2.2°C कम था। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। साथ ही कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं।
IMD ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए चेताया है कि अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होगा।
उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। IMD ने 14 जुलाई को 15 जिलों में भारी सेबहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन का खतरा
पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधि तेज हो गई है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और उधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग ने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की चेतावनी दी है। हालिया दिनों में भूस्खलन के चलते कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ है।