


मध्यप्रदेश के इंदौर, भोपाल और ग्वालियर शहर में पड़ रही गर्मी से लोग परेशान हैं, तो जबलपुर में अब तापमान में गिरावट आने लगी है। इंदौर में गुरुवार को तेज आंधी के साथ बौछारें पड़ी, लेकिन इसके बाद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। आज प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं।
जबलपुर सहित संभाग में तेज हवा के साथ बारिश के आसार
मानसून की आहट से मौसम की रंगत धीरे-धीरे बदलने लगी है। गुरुवार को धूप के बीच छाए बादलों ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रियता के संकेत भी दे दिए हैं वहीं दिन का तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले 48 घंटे के दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ बौछारे पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
14 जून के बाद MP में मानसूनी बारिश
मौसम के बदलते अंदाज को देखते मौसम विभाग ने शुक्रवार को धूप-बादल के बीच शाम तक तेज हवा चलने और 14 जून से जबलपुर सहित संभाग के मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार वर्तमान में एक चक्रवात पंजाब के ऊपर बना हुआ है।
वहीं एक चक्रवाती परिसंचरण से एक ट्रफ हरियाणा, पश्मिम मध्यप्रदेश से होते हुए दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश तक ऊंचाई पर विस्तृत है। इसके प्रभाव से आगामी दिनों में वर्षा के आसार बन रहे हैं। 15 जून से मानसून के सक्रिय होने का अनुमान है।