
सपा की स्टार प्रचारक सांसद डिंपल यादव के रोड शो को लेकर अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाना इनायतनगर में आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। रोड शो के दौरान अनुमति से अधिक वाहनों का प्रयोग किया गया। रायबरेली हाईवे के दोनों लेन को जाम कर दिया गया था।
समाजवादी पार्टी की स्टार प्रचारक सांसद डिंपल यादव मिल्कीपुर उपचुनाव में सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में रोड शो करने आई थीं। रोड शो का काफिला कुमारगंज से मिल्कीपुर पेट्रोल पंप तक करीब नौ किलोमीटर का था। शाम करीब चार बजे काफिला इनायतनगर थाना क्षेत्र की सीमा में प्रवेश हुआ। काफिले में करीब 150 दो पहिया और 150 चार पहिया वाहनों के साथ कई एसयूवी वाहन चल रहे थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग 330 ए पर सहुलारा तिराहा पर दोनों पटरियों पर सपा कार्यकर्ताओं के वाहन इनायतनगर की तरफ आते रहे जबकि रोड शो के लिए एक साइड से ही अनुमति थी। इससे आवागमन की व्यवस्था बाधित हुई और अत्यधिक भीड़ व वाहन के प्रयोग से चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन हुआ। पुलिस ने अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।