बढ़ती यात्री संख्या और मांग को देखते हुए, एयर इंडिया ने भोपाल और बेंगलुरु के बीच अतिरिक्त उड़ानें शुरू कर दी हैं। ये उड़ानें 14 से 19 दिसंबर 2025 तक संचालित की जाएंगी। पहले दिन, 164 सीटर विमान से भोपाल से बेंगलुरु के लिए 138 यात्री रवाना हुए, जबकि बेंगलुरु से भोपाल 38 यात्री पहुंचे।
उड़ान संख्या एआई-3391 दोपहर लगभग 2:30 बजे बेंगलुरु से भोपाल पहुंची और एआई-3392 दोपहर 3:05 बजे भोपाल से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।
अब तक एयर इंडिया भोपाल से केवल मुंबई और दिल्ली के लिए उड़ानें संचालित कर रही थी। इस नई अतिरिक्त उड़ान से भोपाल और बेंगलुरु के बीच यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, खासकर इंडिगो की सेवाओं में आई दिक्कतों के बीच। अब इस रूट पर रोजाना कुल चार उड़ानें उपलब्ध होंगी।
राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक रामजी अवस्थी ने बताया कि यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।