


छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। कई गांवों में पानी भर गया है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इस आपदा की घड़ी में राज्य के बाहर से भी मदद मिलनी शुरू हो गई है।
गोवा सरकार ने दी 5 करोड़ की सहायता
बस्तर के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए गोवा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गोवा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार भी बस्तर पीड़ितों की सहायता के लिए मदद राशि दे चुकी है।
CM साय ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद। यह सहयोग प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत में मददगार साबित होगा।
साय ने आगे कहा कि यह कदम दर्शाता है कि देश हर संकट में एकजुट होकर खड़ा रहता है। आपदा की घड़ी में यह सहयोग निश्चित रूप से बस्तर के प्रभावित परिवारों को संबल देगा।