


देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में आज़ादी की नौका यात्रा का आयोजन किया गया, जहां झील की लहरों पर तिरंगे की शान देखते ही बन रही थी। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं किया। इस मौके पर राज्य सरकार के कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे, जिनमें मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और महापौर मालती राय शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य था – एकता, देशभक्ति और सांस्कृतिक गर्व का संदेश देना।
मुख्यमंत्री ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नौका यात्रा को संबोधित करते हुए कहा: "देश आज़ादी का पर्व मना रहा है। हम गर्व से कह सकते हैं कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज खिलाड़ियों और आम नागरिकों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होकर एक विशेष गर्व का अनुभव हुआ है।"
भोपाल झील में जल्द शुरू होंगी ‘डल झील’ जैसी शिकारा सवारी
मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा, भोपाल का बड़ा तालाब अब सिर्फ झील नहीं रहेगा, यह जल्द ही पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। कश्मीर की डल झील की तर्ज पर यहां शिकारे चलेंगे। वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा दिया जाएगा और मध्यप्रदेश जल्द ही खेलों में देश का नंबर वन राज्य बनेगा।
कांग्रेस पर तीखा तंज ‘सेना पर सवाल उठाकर अपना चरित्र दिखा रही कांग्रेस’
अपने भाषण के दौरान सीएम डॉ. यादव ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा "जो लोग सेना पर बार-बार सवाल उठाते हैं, उनका असली चरित्र अब सबके सामने आ चुका है।" "आज देश का सबसे महत्वपूर्ण दिन है और यह समय है एकता, आत्मगौरव और विकास का जश्न मनाने का, न कि नकारात्मक राजनीति का।"