


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर कहा कि अंगदान, वास्तव में जीवनदान है। किसी जरूरतमंद को अंगदान का निर्णय उसके जीवन में नई मुस्कान और नई सुबह ला सकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है, बल्कि जीवन बचाने का अनमोल अवसर भी प्रदान करता है।
सीएम यादव ने कहा कि विश्व अंगदान दिवस हम सभी को इस पुनीत कार्य से जुड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अंगदान के महत्व को समझे और इसके लिए आगे आए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर नया जीवन मिल सके।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अंगदान के बारे में भ्रांतियों को दूर करना और सही जानकारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर एक व्यापक जनजागरण अभियान चलाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग अंगदान के लिए प्रेरित हों और यह मुहिम जन-जन तक पहुंचे।