छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में ठंड में आई ढील के बीच मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हवाओं के कारण जो रात का तापमान कुछ दिन सामान्य से अधिक था, वह अगले दो दिन में दोबारा नीचे आ सकता है। हालांकि फिलहाल शीत लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना कम बताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले दस दिनों से हवा की दिशा पूर्व की ओर रहने के कारण प्रदेश में आर्द्रता बढ़ी है, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई। जिन इलाकों में पहले कंपकपी छुड़ाने वाली ठंड महसूस हो रही थी, वहां अब केवल हल्की ठंड का असर है।
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे शहरों में सुबह ठंडक के बाद दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक महसूस हो रहा है। वर्तमान में सबसे अधिक तापमान 31.5°C रायपुर में दर्ज किया गया है।
दिन में गर्मी महसूस होने के बावजूद उत्तर और सीमावर्ती क्षेत्रों (अंबिकापुर, मनेंद्रगढ़, जशपुर) में ठंडक अभी भी बरकरार है।
दो दिन बाद और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे में हवा के पैटर्न में बदलाव आएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3°C की गिरावट संभव है। हालांकि ठंड लौटेगी, लेकिन कड़ाके की ठंड अभी नजर नहीं आ रही है।