


प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 6 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। खासतौर पर मध्य छत्तीसगढ़ में 26 और 27 जून के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है
बीते 24 घंटे में कई क्षेत्रों में हुई मूसलधार बारिश
राज्य के बिलासपुर संभाग में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। दर्री में 11 सेमी, घरघोड़ा में 9 सेमी, और पाटन, पथरिया, बकावंड व पटना में 8 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बलौदा बाजार, गंगालूर, तिल्दा और छाल में 7 सेमी बारिश दर्ज हुई। कई अन्य इलाकों में 2 से 6 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई है।
सक्रिय है सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम में यह बदलाव बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुआ है। यह सिस्टम अब उत्तर ओडिशा, झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके अतिरिक्त, उत्तर-पूर्व अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका भी विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाने और वर्षा की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने 27 जून को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज़ अंधड़, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों में रहने की सलाह दी गई है। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और भारी वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।