


छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध हास्य कवि और पद्मश्री सम्मानित साहित्यकार सुरेंद्र दुबे का सोमवार को निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें रायपुर स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर सामने आते ही साहित्यिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक जगत में शोक की लहर फैल गई। उनके लाखों प्रशंसक इस अपूरणीय क्षति से दुखी हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुरेंद्र दुबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ‘X’ अकाउंट पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा:
“सुरेंद्र जी जीवन भर मुस्कान बांटते रहे, आज आंखें नम कर गए।
छत्तीसगढ़ की माटी से लेकर विश्व मंच तक अपनी विशिष्ट कविताओं से पहचान बनाने वाले महान कवि सुरेंद्र दुबे जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।
आपकी कविताएं सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी।
ॐ शांति।”