गोविंदपुरा में आयोजित FED EXPO 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। यह तीन दिवसीय आयोजन MSME और फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है। इस एक्सपो में उद्योग जगत से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी, कारोबारी प्रतिनिधि और कई देशों के विदेशी डेलिगेशन शामिल हो रहे हैं। रूस, ताइवान और ओमान के प्रतिनिधियों के साथ-साथ बीना रिफाइनरी, एंड्रिज हाइड्रो, दौलतराम कंपनी, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, भारतीय रेल और BHEL जैसी प्रतिष्ठित कंपनियाँ भी इस आयोजन का हिस्सा हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ताइवान की निडरता, ओमान की प्रतिबद्धता और रूस की मित्रता को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राज कपूर के गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योगों के बिना विकास संभव नहीं है। उद्योग और व्यापार के लिए सरकार का संरक्षण बेहद जरूरी है, और नवाचार के साथ आगे बढ़ते हुए ही प्रदेश नई ऊँचाइयाँ छू सकता है।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार उद्योगों के कल, आज और आने वाले 25 वर्षों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि कल वह हैदराबाद में निवेशकों से मुलाकात करेंगे। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है, जिसमें से 6 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतार दिया गया है, और शेष 2 लाख करोड़ रुपये का भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल पार्क के लिए मध्य प्रदेश में अपार संभावनाएँ हैं। राज्य रोजगारपरक योजनाओं के लिए पूरी तरह तैयार है और महिला सशक्तिकरण पर सरकार विशेष रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने फेडरेशन और उद्योग जगत के सभी संगठनों के साथ मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।