


दीपावली हरियाणा के किसानों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बीते रविवार को गन्ने के दाम 15 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाने की घोषणा की। अब अगेती गन्ने की किस्म का मूल्य 400 रुपए से बढ़कर 415 रुपए प्रति क्विंटल और पछेती किस्म का मूल्य 393 रुपए से बढ़कर 408 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है।
सरकार के इस फैसले से लाखों गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों, वंचितों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण तथा समग्र विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास कार्य पहले से तीन गुना तेजी से हो रहे हैं और सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को राज्य की नीतियों के केंद्र में रखा गया है। आज हरियाणा में सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 फसल सत्रों में 12 लाख किसानों के बैंक खातों में कुल 1,54,000 करोड़ रुपए की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी गई है।
सैनी ने कहा कि सरकार ने किसानों और भूस्वामियों के बीच विश्वास बहाल करने के लिए हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक, 2024 लागू किया है, जो दोनों पक्षों को कानूनी सुरक्षा और स्पष्टता प्रदान करता है। इसके अलावा, नकली कृषि आदानों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए एक सख्त कानून भी पारित किया गया है। इस कानून के तहत नकली उर्वरक, बीज या कीटनाशक बनाने या बेचने वालों को पांच साल तक की सजा हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और राज्य को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। दीपावली से पहले यह फैसला किसानों के लिए राहत और उत्साह दोनों लेकर आया है।