मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों से इंडिगो एयरलाइन यात्रियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। राज्य के तीन बड़े शहर—इंदौर, भोपाल और जबलपुर—से इंडिगो की 65 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। सबसे ज्यादा असर इंदौर पर पड़ा है, जहां 44 फ्लाइट्स रद्द हुईं। वहीं भोपाल से 18 और जबलपुर से 5 उड़ानें निरस्त की गईं।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों क्रू मेंबर्स की भारी कमी से जूझ रही है, जिसके चलते पिछले चार दिनों में देशभर में 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। इंदौर और भोपाल के साथ दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे बड़े एयरपोर्ट भी इसकी मार झेल रहे हैं।
शुक्रवार को अकेले इंदौर में 26 आउटगोइंग और 18 से ज्यादा इनकमिंग इंडिगो उड़ानें रद्द की गईं। भोपाल में कुल 18 फ्लाइट्स जबकि जबलपुर में 6 में से 5 उड़ानें कैंसिल हो गईं। हजारों यात्री एयरपोर्ट पर 24 घंटे से अधिक समय से इंतजार करने को मजबूर हैं। कई लोगों की फ्लाइट लगातार दूसरी और तीसरी बार रद्द हो चुकी है, जिससे नाराजगी सोशल मीडिया पर साफ दिखाई दे रही है।
इंडिगो की ओर से अब तक इस बात पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है कि स्थिति कब सुधरेगी। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जांच लें और वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखें।