उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर अब मध्यप्रदेश में भी साफ दिखाई दे रहा है। वहां से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। रविवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान उमरिया में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल और शहडोल जिले में शीतलहर का असर देखा गया, जबकि खंडवा और नरसिंहपुर में शीतल दिन की स्थिति बनी रही।
उत्तर भारत में तेज ठंड का दौर जारी है और वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर और शहडोल जिलों में शीतलहर के असर की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, आने वाले तीन-चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहने का अनुमान है।