


मध्यप्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में बनी तीन प्रमुख मौसम प्रणालियों के कारण अधिकांश जिलों में बादल छा गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
राजगढ़ में रिकॉर्ड हुआ सबसे कम तापमान
दीपावली की रात को प्रदेश का सबसे कम तापमान राजगढ़ में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के 15 शहरों में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दिन के समय नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को नौगांव में सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दक्षिण-पूर्व अरब सागर में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो बुधवार को अवदाब में बदल सकता है।दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में भी गहरा कम दबाव है, जो बुधवार दोपहर तक उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्रप्रदेश के तटों पर पहुंचने की संभावना है।
इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है।
इन सभी प्रणालियों के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग को छोड़कर पूरे प्रदेश में बादल छा गए हैं। बुधवार और गुरुवार को इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
चार-पांच दिन तक मौसम साफ नहीं होगा
वर्तमान में दो प्रभावी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इसके चलते अगले चार से पांच दिनों तक मौसम साफ होने के आसार नहीं हैं। लगातार बादल छाए रहने की वजह से रात के तापमान में गिरावट का क्रम भी थम गया है। इसके अलावा, दो दिन बाद पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश तेज हो सकती है।