मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2026 के लिए अपना परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, अगले साल जनवरी से सितंबर के बीच कुल 10 प्रमुख परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाओं के विज्ञापन इसी माह जारी किए जाएंगे, जिनमें पदों की संख्या, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न की पूरी जानकारी दी जाएगी। राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी, जबकि मुख्य परीक्षा सितंबर में प्रस्तावित है।
जनवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
कैलेंडर के अनुसार परीक्षाओं की शुरुआत 4 जनवरी 2026 को असिस्टेंट प्रोफेसर (कंप्यूटर साइंस) परीक्षा से होगी। इसके बाद 22 फरवरी को उप संचालक प्राचार्य (वर्ग-2) परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा 22 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसे अभ्यर्थियों में सबसे ज्यादा रुचि मिलती है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती तीन चरणों में
आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती को तीन चरणों में कराने का निर्णय लिया है। पहला चरण 12 जुलाई, दूसरा 2 अगस्त और तीसरा 30 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। यह एमपीपीएससी की तीसरी बार तीन साल में चौथी भर्ती होगी। इस भर्ती में लगभग 1500 पदों के लिए परीक्षा होने की संभावना है। पिछले वर्षों में, 2022 में 1669 और 2024 में 1918 पदों के लिए भर्ती आयोजित की गई थी।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का मामला कोर्ट में अटका
कैलेंडर में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का भी उल्लेख है, जो 7 से 12 सितंबर के बीच आयोजित होगी। वन सेवा मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को प्रस्तावित है। हालांकि, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की तारीख अभी तय नहीं हुई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है और अगला निर्णय कोर्ट के आदेश के बाद लिया जाएगा।
विज्ञापन की तिथियां
एमपीपीएससी ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 तक कैलेंडर में शामिल सभी परीक्षाओं के विज्ञापन जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा, 10 से 12 अन्य परीक्षाएं भी प्रस्तावित हैं, जिनके विज्ञापन मार्च-अप्रैल से दिसंबर 2026 के बीच जारी किए जाएंगे। इन परीक्षाओं की तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।