


छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की पकड़ लगातार कमजोर हो रही है। राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में माओवादी संगठनों की गतिविधियों में गिरावट देखी जा रही है। इसी क्रम में नारायणपुर जिले से गुरुवार को एक बड़ी सफलता सामने आई, जहां छह सक्रिय और इनामी नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
इन सभी नक्सलियों पर कुल ₹10 लाख का इनाम घोषित था। वे माड़ डिविजन और अमदेई एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
मिलेंगी सरकारी पुनर्वास योजनाओं की सुविधाएं
प्रशासन ने घोषणा की है कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत पुनर्वास, सुरक्षा और रोजगार से संबंधित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही प्रत्येक आत्मसमर्पित नक्सली को ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि भी दी गई है।
साल 2024-25 में अब तक 110 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अब तक नारायणपुर जिले में कुल 110 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। हाल ही में अबूझमाड़ क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो महिला नक्सली भी मारी गई थीं। यह घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि राज्य में नक्सलवाद लगातार कमजोर हो रहा है और माओवादी संगठन अपनी पकड़ खो रहे हैं।