मशहूर अभिनेता और कॉमेडी की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाले सतीश शाह का निधन हो गया है। 72 वर्षीय सतीश शाह का निधन किडनी फेल होने के कारण हुआ। उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि भारतीय फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने की है। इस दुखद खबर से पूरे बॉलीवुड और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “सतीश शाह के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। उन्हें भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उनके सहज हास्य और उत्कृष्ट अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में हंसी का संचार किया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता सतीश शाह के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी अभिनय कला और हास्य शैली से लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है।” निर्माता अशोक पंडित ने सतीश शाह की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और बेहतरीन अभिनेता सतीश शाह का किडनी फेल होने से निधन हो गया। यह हमारे उद्योग के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।”
सतीश शाह ने अपने लंबे करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। वे ‘जाने भी दो यारों’, ‘कहो ना प्यार है’, ‘मैं हूं ना’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘जुड़वा’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आए थे। टीवी पर उनका मशहूर शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ आज भी दर्शकों के दिलों में बसता है। उनके हास्य अभिनय ने भारतीय दर्शकों को हंसी और खुशी के कई पल दिए। सतीश शाह के निधन से भारतीय कला जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। देशभर के कलाकार, नेता और प्रशंसक उनके निधन पर शोक प्रकट कर रहे हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति दें।