


वेटिकन सिटी, पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है। वेटिकन के कैमर्लेंगो कार्डिनल केविन फेरेल ने बताया है कि पोप फ्रांसिस ने सोमवार सुबह 7:35 बजे अंतिम सांस ली। वह 88 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। केविन फेरेल ने अपने बयान में कहा कि पोप फ्रांसिस का पूरा जीवन गॉड और चर्च की सेवा में समर्पित रहा। उन्होंने लोगों को प्रेम और साहस के साथ जीने का पाठ पढ़ाया। पोस फ्रांसिस की मौत से वेटिकन में शोक का माहौल है। दुनियाभर के लोग पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। पोप फ्रांसिस के निधन के बाद अब नए पोप का चुनाव किया जाएगा।कार्डिनल मिलकर नए पोप का चुनाव करेंगे।
पोप फ्रांसिस का जन्म 17 दिसंबर 1936 को अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में हुआ था। उनका असली नाम जॉर्ज मारियो बर्गोग्लियो था। उन्होंने 13 मार्च 2013 को पोप का पद संभाला था। वह लैटिन अमेरिका से आने वाले पहले पोप थे। पोप फ्रांसिस ने अपने कार्यकाल में चर्च में सुधारों को बढ़ावा दिया। उनको अपने मानवीय क्षेत्र में किए कामों के लिए भी जाना गया।