


भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु हथियारों की रेस तेज होती जा रही है। अमेरिकी परमाणु वैज्ञानिकों की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत परमाणु बम के मामले में अब पाकिस्तान से काफी आगे निकल गया है। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट के वैज्ञानिकों ने बताया कि भारत के परमाणु बमों की संख्या अब 180 पहुंच गई है। वहीं पाकिस्तान के परमाणु बमों की संख्या अभी भी 170 पर ही टिकी हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है किकोल्ड वॉर के बाद परमाणु हथियारों की संख्या में कमी आई है लेकिन अभी भी ये बहुत ज्यादा बनी हुई है। दुनिया में कुल 9 परमाणु हथियार संपन्न देश हैं जिनके पास 12,331 परमाणु बम हैं।
स्टेट्स ऑफ वर्ल्ड न्यूक्लियर फोर्सेस नाम से आई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन और भारत तेजी से अपने परमाणु बमों की संख्या को बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा उत्तर कोरिया, पाकिस्तान, ब्रिटेन और रूस परमाणु ताकत को बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका और रूस के पास दुनिया के 88 फीसदी परमाणु बम हैं। दुनिया में परमाणु बमों की संख्या को कम करने के प्रयास में गिरावट आई है। दुनिया में एक बार फिर से वारहेड की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।
दुनिया में कितने हैं परमाणु बम ?
रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में कुल 12,331 न्यूक्लियर वारहेड हैं जिसमें से 9,604 मिलिट्री जखीरे में है जिसका मिसाइल, फाइटर जेट, युद्धपोत और सबमरीन में इस्तेमाल किया जाना है। अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और फ्रांस के 2100 परमाणु बम हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। इन बमों को बहुत ही कम समय में हमले के लिए तैयार किया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने कहा कि हर देश अपने परमाणु बमों की असली संख्या को पूरी तरह से छिपाकर रखता है, इसलिए उनके आंकड़े अनुमानित हैं।