भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्य समिति की घोषणा के 22 दिन बाद संभागीय प्रभारी की नियुक्ति कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा शुक्रवार को की गई संगठनात्मक 13 संभाग के प्रभारियों की नियुक्ति में केवल एक महिला पदाधिकारी लता वानखेड़े को ही रखा गया है। लता वानखेड़े को उज्जैन संभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नए संभागों में कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ का गढ़ रहे छिंदवाड़ा को जबलपुर संभाग से अलग कर स्वतंत्र संगठनात्मक संभाग बनाया गया है। इसी तरह उज्जैन से मंदसौर को अलग किया गया है, जबकि इंदौर से निमाड़ क्षेत्र को स्वतंत्र संभाग का दर्जा दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने निम्नलिखित नेताओं को संभागीय प्रभारी नियुक्त किया है:
- भोपाल संभाग: नागदा-खाचरोद से विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह
- इंदौर संभाग: प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत
- उज्जैन संभाग: सागर सांसद एवं प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े
- छिंदवाड़ा संभाग: राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी
- जबलपुर संभाग: प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी
- सागर संभाग: प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे
- ग्वालियर संभाग: प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत खरे
- चंबल संभाग: अभय यादव
- रीवा संभाग: विजय दुबे
- शहडोल संभाग: गौरव सिरोठिया
- नर्मदापुरम संभाग: प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह
- निमाड़ संभाग: प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा
- मंदसौर संभाग: सुरेश आर्य
यह संगठन विस्तार 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया गया माना जा रहा है। विशेष रूप से छिंदवाड़ा और निमाड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में BJP अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।