


पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं। असीम मुनीर ने वॉशिंगटन में अमेरिकी सैन्य नेतृत्व के साथ बैठकों की हैं। पाक सेना की ओर से कहा गया है कि मुनीर के इस दौरे का मकसद पाकिस्तान और अमेरिका के रक्षा और व्यापार संबंधों को मजबूत करना है। हालांकि मुनीर की ओर से अमेरिका में बार-बार भारत का नाम लिया जा रहा है। असीम मुनीर भारत के साथ विवादित मुद्दों पर ही अमेरिका में जोर दे रहे हैं। उन्होंने भारत की खुफिया एजेंसी रॉ पर भी गंभीर आरोप लगाए है।
पाक आर्मी की ओर से कहा गया है कि फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने अमेरिका में कहा कि उनका देश आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई लडने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन रॉ इसके आड़े आ रही है। मुनीर ने भारत परपाकिस्तान में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया है।
RAW गड़बड़ कर रही है: मुनीर
मुनीर ने पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं का ठीकरा भारत के सिर फोड़ने की कोशिश की है। मुनीर ने कहा, 'भारत की रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) पाकिस्तान में आतंकी गुटों को मदद कर रही है। रॉ की इस तरह की गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय हैं। भारत का पाकिस्तान में इस तरह का एक्शन पूरे क्षेत्र के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है।'