भोपाल शहर में मार्च-अप्रैल 2026 से पांच रूटों पर ई-बसें संचालित होंगी। इन रूटों पर चलने वाली 100 बसों से 80 हजार से अधिक यात्रियों को लाभ मिलेगा।
ई-बसों के संचालन और चार्जिंग के लिए कस्तूरबा नगर और संत हिरदाराम नगर में अत्याधुनिक डिपो का निर्माण किया जा रहा है। विद्युत और अन्य आवश्यक कार्यों सहित इन परियोजनाओं पर लगभग 25 करोड़ 44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह जानकारी शनिवार को फंदा में विक्रमादित्य स्वागत द्वार और ई-बस सेवा के लिए डिपो निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर ने दी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सहित ऑटोमेटिक लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होगी।
इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आधुनिकतम आईटीएमएस व्यवस्था की जाएगी। इसमें बसों की रियल-टाइम ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरा का लाइव फीड, जीपीएस डिवाइस, पैनिक बटन, पैसेंजर काउंटर और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम शामिल होंगे। बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों को भी रूट में शामिल किया जाएगा।