


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल की बड़ी झील, कश्मीर की डल-लेक से कम नहीं है इसका और अधिक विकास किया जायेगा। यहां पर्यटन विभाग के सहयोग से शिकारे भी संचालित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स सहित सभी प्रमुख खेलों में ओलम्पिक और कॉमनवेल्थ जैसी अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में देश के लिए अधिक से अधिक पदक लाने के उद्देश्य से राज्य में खेल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में जारी हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भोपाल के बड़े तालाब के बोट क्लब से निकाली गई जल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने झंडी दिखाकर जल तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी संख्या में तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। एशियाई और ओलंपिक गेम्स में उपयोग में आने वाली बोट्स में सवार वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी अनुशासन और गरिमा के साथ तिरंगा लेकर बड़े तालाब में आगे बढ़े, क्षेत्र का नभ-जल और धरा तिरंगामय हो गया। देशभक्ति, एकता और समर्पण की भावना को और सशक्त करते इस अनोखे, रोमांचक आयोजन में बड़ी संख्या में वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी, विद्यार्थी और राजधानीवासी शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले 14 अगस्त की शुरूआत मुख्यमंत्री निवास परिसर में निकाली गई तिरंगा यात्रा से हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में निकली इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री सचिवालय तथा मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी और दीदी कैफे की दीदीयां तिरंगा लहराते हुए शामिल हईं। देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस यात्रा ने निवास परिसर को वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंजायमान कर दिया।