


छत्तीसगढ़ में हरियाणा मॉडल पर मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरों को शामिल किया। राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथग्रहण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने आरंग से विधायक खुशवंत साहेब, दुर्ग शहर से विधायक गजेंद्र यादव और अंबिकापुर से विधायक राजेश अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। खास बात यह है कि तीनों ही विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं और अब सीधे मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए हैं।
तीन नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद अब राज्य में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है। पहले यह संख्या मुख्यमंत्री सहित 11 थी।
पहली बार मंत्रिपरिषद में 14 मंत्री
इस बार छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में 14 मंत्री बनाए गए हैं, जो राज्य के इतिहास में पहली बार है। अब तक 90 सदस्यीय विधानसभा में 15% सीमा के तहत अधिकतम 13 मंत्री ही नियुक्त किए जाते रहे हैं। लेकिन हरियाणा फॉर्मूले को अपनाते हुए इस बार एक अतिरिक्त मंत्री को शामिल किया गया है।