


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे पर बुधवार रात जापान और दक्षिण कोरिया के लिए रवाना हो गए। यह दौरा 31 अगस्त तक चलेगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। इस यात्रा को राज्य के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे पर राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार शामिल हैं। ये अधिकारी विदेशी निवेशकों और प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्थान से पहले कैबिनेट बैठक और शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को देखते हुए प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को एक दिन पहले मंगलवार को ही आयोजित कर लिया गया था। इसके अलावा बुधवार को तीन नए मंत्रियों को शपथ भी दिलाई गई ताकि मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में राज्य का प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे।
प्रदेशवासियों को बड़ी उम्मीदें
चूंकि यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पहला विदेश दौरा है, ऐसे में पूरे प्रदेश की नजरें इस यात्रा के परिणामों पर टिकी हुई हैं। जनता को उम्मीद है कि इस दौरे से प्रदेश में बड़े निवेशकों का आगमन होगा और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर तैयार होंगे।