


छत्तीसगढ़ के अधिकतर हिस्सों में एक बार फिर मानसून की गति धीमी हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं, केवल बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य बना रहा। शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 अगस्त को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आने वाले 5 दिनों तक भी मानसून की सक्रियता सामान्य बनी रहेगी। कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है, विशेष रूप से पूर्वी और पश्चिमी जिलों में। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना कम रहेगी और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
राजधानी में बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को रायपुर का मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही तापमान में इजाफा हो सकता है। अनुमान है कि शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान राजधानी रायपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरीत दुर्ग और पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बलरामपुर जिले के कुसमी में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 90 मिमी बारिश हुई। पूरे प्रदेश में औसतन 10 से 20 मिमी के बीच बारिश रिकॉर्ड की गई।